मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी के खिलाफ ड्रग मामले में जांच चल रही है। ड्रग मामले में गिरफ्तार संजय कौशल और इरफान ने नाना पटवारी का नाम लिया था। इसके बाद धोखाधड़ी की पीड़ित पायल साहनी ने नाना पटवारी पर प्लॉट के रुपये हड़पने का आरोप लगाया। अब जीतू पटवारी के दूसरे भाई भरत पटवारी भी जांच के दायरे में आ गए हैं। इंदौर पुलिस धोखाधड़ी के मामले में भरत से पूछताछ करेगी क्योंकि वह सुमित मंत्री की शुभम रियलिटी फर्म में पार्टनर रहे हैं। पप्पू मंत्री को भी नोटिस भेजा गया है।
मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन देर रात तक चला। विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर कांग्रेस विधायक धरने पर बैठे रहे, जिसका समर्थन करने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे। पटवारी ने छात्रों को ‘देशद्रोही’ कहने वाले मंत्री से माफी की मांग की और कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, धरना जारी रहेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में हुए इस धरने में विधायकों ने रात 11:30 बजे धरना समाप्त किया। भोपाल सहित कई जिलों में भी कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन, रैली और नारेबाजी की।