BREAKING NEWS
2026-07-15

उज्जैन में दूसरे पति संग लौटी महिला से बर्बरता, बाल काटकर और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया

bulandsochnews Senior News Reporter

जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र के हरनियाखेड़ा गांव में एक महिला और उसके दूसरे पति के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। तीन साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक से शादी करने वाली महिला जब गांव लौटी तो उसके पूर्व पति के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने महिला के बाल काट दिए, कपड़े फाड़ दिए और दंपती को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया।

घटना का एक वीडियो गुरुवार को प्रसारित होने के बाद मामला प्रकाश में आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आठ अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के पहुंचने पर गांव में भगदड़ मच गई।

Advertisement
Google Adsense Ad

झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है। थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित हरनियाखेड़ा गांव में दंपती के साथ मारपीट और अभद्रता की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को पकड़ लिया गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि 30 वर्षीय महिला का विवाह पहले गांव के ही एक युवक से हुआ था। करीब तीन साल पहले वह अपने पति को छोड़कर गांव के एक अन्य युवक के साथ चली गई थी। बाद में दोनों ने शादी कर ली और इंदौर में रहने लगे थे।

मंगलवार को यह दंपती जमीन से जुड़े एक मामले को लेकर गांव आए थे। इसकी जानकारी मिलते ही महिला के पूर्व ससुर ने गांव के कुछ लोगों को इकट्ठा किया और दोनों को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े और दोनों को अपमानित करते हुए गांव में घुमाया।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोगों ने दंपती को बचाने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने पीड़ित दंपती के बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना प्रभारी भाबोर ने बताया कि मामले में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस बाकी आठ आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।