चुनाव आयोग ने दतिया विधानसभा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है, जिसके साथ ही प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा और चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा जल्दबाजी में उपचुनाव कराकर इस सीट पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ यह चुनाव लड़ेगी और दतिया की जनता एक बार फिर पार्टी पर अपना भरोसा जताएगी।
चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दतिया उपचुनाव के लिए अधिसूचना 6 जुलाई को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतदान 30 जुलाई को होगा और मतों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती को भारी बहुमत से जिताया था, लेकिन भाजपा और चुनाव आयोग के षड्यंत्र के चलते उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। अब भाजपा जल्दबाजी में उपचुनाव कराकर इस सीट पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्मला सप्रे से जुड़े मामले में अब तक फैसला नहीं आया है, जबकि दतिया में उपचुनाव की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। सिंघार ने यह भी कहा कि भाजपा के एक बड़े नेता के खिलाफ पेड न्यूज से जुड़ी याचिका वर्षों से लंबित है, लेकिन दतिया उपचुनाव के मामले में चुनाव आयोग असामान्य तेजी दिखा रहा है।
सिंघार ने विश्वास जताया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और दतिया सीट दोबारा जीतेगी। उन्होंने दतिया के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियां शुरू करने और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
