भारतीय निर्वाचन आयोग ने तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसके तहत बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर मतदान होगा। इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 3 अगस्त को होगी।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।
क्यों हो रहे हैं उपचुनाव?
मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद खाली हुई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। भारती को 88,977 वोट मिले थे, जबकि मिश्रा को 81,235 वोट प्राप्त हुए थे।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट भाजपा विधायक योगेश नारायणदास पटेल के निधन की वजह से रिक्त हुई है। पिछले महीने 79 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। पटेल ने साल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के कारण उपचुनाव की आवश्यकता हुई। राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव आयोग की तैयारी
चुनाव आयोग ने इन तीनों सीटों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सभी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा।
आयोग ने बताया है कि चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही, चुनाव सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
