सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के लिए बनाई गई रक्षा विहार कॉलोनी में रविवार को एक रास्ते को लेकर जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक निजी कॉलोनी के लिए खोले गए रास्ते का विरोध करने पर रहवासियों से मारपीट की गई। इस दौरान भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइसर) के प्रोफेसर विनीत कुमार शर्मा के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।

इंदौर बायपास रोड पर स्थित रक्षा विहार कॉलोनी में बड़ी संख्या में सेना के सेवानिवृत्त कर्नल, ब्रिगेडियर और अन्य रक्षा अधिकारी रहते हैं। रहवासियों का आरोप है कि पूर्व सैन्य अधिकारी राममोहन सिंह सेंगर ने रक्षा विहार से सटी अपनी निजी कॉलोनी विकसित की है। इसके लिए उन्होंने रक्षा विहार की ओर जाने वाले एक मार्ग को चौड़ा कर अपनी कॉलोनी के आवागमन के लिए खोल दिया है।
रहवासियों का कहना है कि यह रास्ता विवादित है और इससे संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है। रविवार को कॉलोनी के लोगों ने मौके पर एक बोर्ड लगाया, जिस पर लिखा था, “यह रास्ता विवादित है”।
आरोप है कि बोर्ड लगाने के बाद राममोहन सिंह सेंगर, उनके बेटे, रिश्तेदार और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों से विवाद करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
इस दौरान प्रोफेसर विनीत शर्मा के कपड़े फाड़ दिए गए और उनसे मारपीट की गई। जब रिटायर्ड कमांडर अरविंद शुक्ला, पूर्व विंग कमांडर मनीष मिश्रा और अन्य रहवासियों ने बीच-बचाव किया, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।
फरियादी प्रोफेसर विनीत शर्मा ने बताया कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के करीब 50 लोग मौके पर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद विवादित रास्ते का उपयोग जबरन कराया जा रहा है।
इस मामले में परवलिया पुलिस ने पूर्व सैन्य अधिकारी राममोहन सिंह सेंगर सहित अन्य लोगों के खिलाफ एनसीआर (असंज्ञेय अपराध रिपोर्ट) दर्ज की है। परवलिया थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया, “रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी। शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर मामले का निराकरण किया गया।”
