BREAKING NEWS
2026-07-15

ग्वालियर: दोस्त द्वारा पत्नी को भगाने का बदला भाई से लिया, पीट-पीटकर हत्या के बाद शव नदी में फेंका

bulandsochnews Senior News Reporter

सिरोल थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते 21 वर्षीय एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि सबूत मिटाने की नीयत से आरोपियों ने शव को मुरार नदी में फेंक दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

पारिवारिक रंजिश में हत्या का आरोप

मृतक की पहचान नारायण विहार निवासी दिनेश इंदौरिया के रूप में हुई है। परिजनों ने मेहरा कॉलोनी निवासी सूरज जाटव, उसके भाई गौरव जाटव और उनके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।

यह थी रंजिश की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक दिनेश के बड़े भाई विकास इंदौरिया की दोस्ती आरोपी सूरज जाटव से थी। कुछ समय पहले विकास और सूरज की पत्नी के बीच प्रेम संबंध हो गए और वे दोनों साथ चले गए थे। इस मामले में सूरज ने गोला का मंदिर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। बाद में महिला ने पुलिस के सामने बयान दिया था कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से रह रही है। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

Advertisement
Google Adsense Ad

फोन पर दी थी जान से मारने की धमकी

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दिनेश किसी निजी काम से सिरोल क्षेत्र जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में सूरज, गौरव और उनके साथियों ने उसे रोक लिया और एक सुनसान जगह ले जाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दिनेश के भाई विकास को फोन कर सूरज की पत्नी से बात कराने की मांग की। विकास ने बताया कि महिला उसके साथ नहीं है। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने फोन पर ही दिनेश को जान से मारने की धमकी दी और कुछ देर बाद उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया।

आरोपी फरार, पुलिस दे रही दबिश

सिरोल थाना प्रभारी गोविंद बंगोली ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।